Pinned Tweet
आज राहुल गांधी बोधगया थे। बोधिवृक्ष देखने गए। उन्होंने वहां प्रश्न किया " क्या यह बोधिवृक्ष ओरिजिनल है? वही है जिसके नीचे बैठकर सिद्धार्थ बुद्ध बन गए थे?"
ऐसा ही सवाल कई बार हम सुनते हैं। क्या यह कांग्रेस असली कांग्रेस है?
कॉन्ग्रेस तो अंग्रेजों ने बनाई है। असली वाली कांग्रेस तो आजादी के बाद खतम हो गई।
ये असली कांग्रेस थोड़ी न है।
न जाने कितनी बार सुनते हैं ये।
बिल्कुल ... कांग्रेस बनाने का उद्देश्य पढ़े लिखे लोगों को इकठ्ठा करके ब्रिटिश साम्राज्य से बातचीत करके आम जनता के हित हेतु काम करना था।
पूर्ण स्वराज्य बाद में आया।
बोधिवृक्ष...
आज से 2500 साल से भी पहले किसी पक्षी या जानवर ने उसका बीज लाकर रख दिया होगा।
क्या महत्ता रही होगी उसकी...
फिर भी कई पक्षियों का आसरा रहा होगा। कई जंतुओं की शरणस्थली। कई राहगीर उसके नीचे विश्राम कर लेते होंगे। कई बार वहां से गुजरते कुछ लोग उसे देखकर श्रद्धा से नमन कर लेते रहे होंगे।
लेकिन एक पूर्णिमा की रात कुछ ऐसा हुआ कि वह वृक्ष साधारण नहीं रहा।
उसके पाँवों तले एक देह आकर बैठी, जो 6 साल तक हर प्रकार की साधना करके अंत में थक चुकी थी।
उसी के तले उसे ये ज्ञान हुआ कि मध्यम मार्ग सर्वश्रेष्ठ है।
और उस रात को सब कुछ बदल गया इस धरती पर।
सबसे पहले साक्षी बना वह साधारण सा वृक्ष। उसके वहां होने ने उसे अमर बना दिया।
उसे कई बार तोड़ने की , काटने की कोशिश हुई।
लेकिन वह मिटा नहीं।
उसकी शाखाये सब जगह भेजी गईं, लेकिन मूल बचाया गया। क्योंकि उसकी जड़ में चेतना के शिखर का जन्म हुआ था।
कांग्रेस एक साधारण वृक्ष था, फिर भी उपयोगी। जिस दिन गान्धी आकर उसके नीचे बैठे, वह बोधिवृक्ष बन गया।
गांधी ने मध्यममार्ग का ज्ञान वहीं से दिया। कई बार इस वृक्ष की शाखाएं टूटीं, यहां वहां। लेकिन नाम मे कांग्रेस जुड़ा रहा।
किन्तु गांधी जिसकी जड़ों में बैठकर विश्व को बदल दिए, जिस कांग्रेस को उन्होंने नेहरू और पटेल को सुपुर्द किया,जिसे लालबहादुर शास्त्री ने सींचा, इंदिरा,राजीव, नरसिंहाराव, मनमोहन सिंह के साथ साथ करोड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को ऑक्सीजन देने वाला वृक्ष यही है जिसके आश्रय में सोनिया गांधी उस पद को अस्वीकार कर देती हैं जिसके लिए लोग तपस्या में कोई कमी नही आने देते।
वही काँग्रेस है जो राहुल गांधी से कहलवाती है कि हम आरएसएस मुक्त भारत की बात नहीं करते, क्योंकि इस देश की विचारधारा है सभी विचार धाराओं को साथ लेकर चलना। यही मध्यममार्ग है, न लेफ्ट न राइट।
यही असली काँग्रेस है।
कोई शक???
उसी वृक्ष के नीचे वह स्थान जहां सिद्धार्थ ने ज्ञान पाया और संसार को अपनी करुणा से तारा, अशोक ने उस जगह को पूर्ण सुरक्षित करवा दिया था। डायमंड थ्रोन कहा जाता है उसे।
उस डायमंड थ्रोन पर कभी कोई बैठेगा , वो कोई जो बुद्ध सा होगा, उसका छोटा सा ही अंश हो...
कांग्रेस ने जो डायमंड थ्रोन बनाया, इस देश को चलाने के लिए, वह अभी भी कांग्रेस के साए तले है।
प्रधानमंत्री बनने के पहले नकली लाल किला बनाकर एक ढोंगी ने रैली की थी। लेकिन उस डायमंड थ्रोन पर नहीं बैठ पाया है आजतक, जहां बैठकर गांधी ने तपस्या की थी।
असली डायमंड थ्रोन...वहां वही बैठ सकता है, जो गांधी सा होता है। थोड़ा सी हो...
(बरगद बूढ़ा होता है तो बेहया के पेड़ को नहीं पूजा जाता।)
#VijayShukla
...और इस प्रकार एक कवि (नेहरू) प्रधानमंत्री बन गया। नहीं तो एक कवि का प्रधानमंत्री बनना असंभव है।
परंतु एक प्रधानमंत्री का कवि बनना भी संभव है जब वह पागल हो जाए 👇👇
- ओशो रजनीश
"It is fortunate for the community that I am not a criminal... 😊"
डब्बा ट्रेडिंग का एक केस मेरे पास आया है। उसके पीछे लगा हूं। इस मामले में एक बात ने मुझे विशेष रूप से सोचने पर मजबूर किया है।
करोड़ों का घपला करना कितना आसान है, यदि आपको मनुष्य के भय, घृणा और लालच का दोहन करना आता हो।
धन से पॉवर लेना। फिर पॉवर से धन इकठ्ठा करना।
◾◾
डब्बा ट्रेडिंग में असली बाजार के समानांतर एक ऐसी व्यवस्था खड़ी की जाती है, जहां विश्वास की जगह लालच, पारदर्शिता की जगह गोपनीयता और नियमों की जगह संचालक की मनमर्जी चलती है। बाहर से सब कुछ बाजार जैसा दिखाई देता है, लेकिन भीतर उसका अपना खेल होता है।
देश में भी ऐसी ही एक डब्बा व्यवस्था खड़ी है। संविधान और लोकतंत्र का बाहरी ढांचा कायम है, लेकिन भीतर सत्ता का संचालन भय, घृणा, प्रचार और निजी हितों के आधार पर होने लगी है।
जनता नागरिक नहीं, ग्राहक बन गई है। भावनाएं पूंजी बन गई हैं और सत्ता उस पूंजी का कारोबार।
◾◾
चार्ली चैपलिन ने कहा था कि प्यार करने के लिए पॉवर की जरूरत नहीं होती। लेकिन कई लोगों के पास प्यार की वजह से पॉवर आ जाता है।
असली परीक्षा तब होती है जब व्यक्ति उस शक्ति का इस्तेमाल लोगों की भलाई के लिए करता है या उनके शोषण के लिए।
मुझे काल्पनिक चरित्रों में शेरलॉक होम्स और फैंटम सबसे ज्यादा पसंद हैं।
शेरलॉक से मेरा लगाव इतना है कि मेरा रिंगटोन और हॉटस्पॉट तक उसी पर आधारित हैं।
शेरलॉक होम्स के पास असाधारण बुद्धि थी। ग्रेनाडा सीरीज की "The Blue Carbuncle" में उसका एक संवाद है,
"It is fortunate for the community that I am not a criminal... 😊"
मूल कहानी में यह संवाद नहीं है, लेकिन शेरलॉक के चरित्र का एक गहरा मनोवैज्ञानिक सार जरूर प्रस्तुत करता है।
उसके पास वह बुद्धि थी जिसका इस्तेमाल करके वह अपराध की दुनिया का सबसे शक्तिशाली व्यक्ति बन सकता था।
लेकिन उसके भीतर जिम्मेदारी और करुणा थी। वह किसी परिवार को ब्लैकमेलर से बचाता है, किसी विधवा महिला को बेघर होने से बचाता है।
यही वह बिंदु है जहां शेरलॉक होम्स के माध्यम से मुझे नेहरू याद आते हैं।
It was fortunate for the country that he was not a criminal.
◾◾
नेहरू के पास स्वतंत्र भारत की सत्ता थी।
आजादी के आंदोलन से अर्जित अपार लोकप्रियता थी। राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में उनका कद बहुत बड़ा था। उनके सामने कोई प्रोफेसर मोरियार्टी नहीं था, जो उनकी सत्ता को चुनौती दे सके।
वे चाहते तो इस शक्ति को व्यक्तिगत शासन में बदल सकते थे। लोकतंत्र को केवल एक औपचारिक आवरण बनाकर रख सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
उन्होंने सत्ता को संविधान के अधीन रखा।
1952 के पहले आम चुनाव में जनता के निर्णय को सर्वोपरि माना। संसद, विपक्ष, स्वतंत्र न्यायपालिका और लोकतांत्रिक संस्थाओं को विकसित होने का अवसर दिया।
उन्होंने एक गरीब और व्यापक रूप से निरक्षर देश के नागरिकों को भी बराबरी का मताधिकार दिया। वे जानते थे कि लोकतंत्र की मजबूती जनता पर भरोसा करने से आती है, जनता को नियंत्रित करने से नहीं।
नेहरू की सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि यह थी कि उन्होंने अपनी लोकप्रियता को तानाशाही का लाइसेंस नहीं बनाया।
◾◾
दुनिया के अनेक नवस्वतंत्र देश सैन्य शासन और तानाशाही की गिरफ्त में जा रहे थे। भारत ने लोकतंत्र का रास्ता चुना। नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों, उपनिवेशवाद से मुक्ति और गुटनिरपेक्षता के प्रमुख चेहरों में शामिल हुए।
2014 के बाद भारतीय राजनीति में भय, घृणा, विभाजन और सत्ता के केंद्रीकरण की प्रवृत्तियां जिस तरह बढ़ी हैं, वे उस लोकतांत्रिक विरासत के महत्व को और स्पष्ट करती हैं।
डब्बा ट्रेडिंग में असली बाजार के बाहर समानांतर बाजार चलता है। राजनीति में जब संविधान के बाहर व्यक्ति की इच्छा, संस्थाओं के बाहर सत्ता का अहंकार और नागरिक अधिकारों के बाहर भय का कारोबार चलने लगे, तो समझिए लोकतंत्र का भी डब्बा खुल चुका है।
नेहरू ने भारत को इस रास्ते पर जाने से बचाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं और परंपराओं को पोषित किया।
◾◾
शक्ति का सबसे बड़ा प्रमाण यह नहीं कि आप कितने लोगों को अपने अधीन कर सकते हैं, बल्कि यह है कि आपके अधीन अपार शक्ति होने के बावजूद आप कितने लोगों को स्वतंत्र रहने देते हैं।
नेहरू के पास सत्ता थी, लेकिन उन्होंने भारत को अपनी निजी सल्तनत नहीं बनाया। यही अंतर एक शासक और लोकतांत्रिक नेता के बीच होता है।
It is unfortunate for the country that we have a criminal now 😞
#VijayShukla
आज भारतीय टेलीविजन के इतिहास में एक दुर्लभ खगोलीय घटना देखी! 😂
पहली बार एक गोदी एंकर को अपने ही खेमे के प्रवक्ता की ऐसी क्लास लेते देखा कि लगा, आज डिबेट नहीं, किसी की सार्वजनिक साहित्यिक तेरहवीं हो रही है!
मामला सोनिया गांधी की किताब पर चल रही बहस का था। तभी BJP समर्थक रोहित सिंह ने बड़े साहित्यिक आत्मविश्वास के साथ घोषणा कर दी—
"अरे सुनिए न, मैं भी किताब लिखूँगा... चारा चोर के ऊपर!"
बस फिर क्या था!
एंकर ऐश्वर्य कपूर ने ऐसी मासूमियत से मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि बेचारे रोहित जी की लेखकीय महत्वाकांक्षाओं का पोस्टमार्टम लाइव हो गया।
बोले—
"तुम ब्लॉग नहीं लिख पाते हो, किताब नहीं हो पाएगी तुझसे... छोड़ो रोहित!"🤣
जिस व्यक्ति को विरोधियों से साहित्यिक सम्मान मिलने की उम्मीद थी, उसे अपने ही वैचारिक परिवार के एंकर से लेखन क्षमता का मृत्यु प्रमाणपत्र मिल गया!
लेकिन रोहित भी हार मानने वालों में से नहीं था। उन्होंने तत्काल अपने वंश और प्रतिभा का हवाला देते हुए कहा—
"ऐश्वर्य कपूर, आप भले ही किताब न लिख पाते हों, लेकिन मैं सूत पुत्र हूँ, किताब लिख सकता हूँ!"
इसके बाद पैनल में जो ठहाके गूँजे, उनसे लगा कि स्टूडियो में डिबेट कम और कपिल शर्मा शो का ऑडिशन ज्यादा चल रहा है।
भाई साहब, मामला चारा चोर पर किताब लिखने से शुरू हुआ था और पहुँच गया लेखक की जातीय पात्रता तक!
अब बेचारे रोहित जी को कौन समझाए कि किताब लिखने के लिए सूत पुत्र होना जरूरी नहीं, बस विचारों में थोड़ा सा सूत होना चाहिए ताकि कहानी कहीं से तो शुरू हो! 😂
बाकी वीडियो देखिए। साहित्य, स्वाभिमान, आत्मविश्वास और सार्वजनिक बेइज्जती का ऐसा संयुक्त संस्करण रोज-रोज देखने को नहीं मिलता।🤣🔥
#VijayShukla
19 नवंबर 1917 को, कमला नेहरू ने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्चे का जन्म करवाने वाले स्कॉट्समैन ने बताया कि, "यह एक बोनी लेज़ी (खूबसूरत लड़की) है, सर"।
उनके दादा की इच्छा के अनुरूप उनकी परदादी, इंद्राणी के नाम से उनका नामकरण किया गया था।
जब इंदिरा दो साल की थीं, उनके माता पिता गांधीजी के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हो गए।
नेहरू का घर स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल लोगों के लिए बैठक थी।
लोगों के घर में सास बहू ननद भौजाई की चर्चाएं होती हैं, इंदिरा के सामने अंग्रेज़ भगाओ, देश छुड़ाओ होता था।
बचपन में बच्चो के माँ बाप , घरवाले घूमने हिल_स्टेशन और रिश्तेदारों के यहां जाते हैं, इंदिरा चार वर्ष की थीं जब उनके दादा, मोतीलाल और पिता, जवाहरलाल को जेल भेजा गया था।
जब दोनों को जेल ले जाया जा रहा था, इंदिरा का रो रो कर बुरा हाल था।
कुछ समय बाद उनकी माँ को भी उनसे दूर ले जाया गया जिससे उनका दुःख और बढ़ गया।
मोतीलाल और जवाहरलाल की सजा और गिरफ्तारी के बाद संपत्ति जब्त करने के लिए पुलिस उनके घर तक पहुंची।
साधारण बच्चे पुलिस देख छुप जाते हैं, नन्हीं इंदिरा छोटी मुट्ठी तान कर इंस्पेक्टर की ओर घुमती हुई चिल्लाई, "आप उन्हें नहीं ले जा सकते हैं, ये सब हमारी चीजें हैं।"
इंदिरा 5 साल की थीं, नेहरु परिवार ने विदेशी सामानों के बहिष्कार में गाँधीजी के आव्हान पर अपने ब्रिटिश सामान- कपड़े, वस्त्र आदि जला दिए थे।
उन्हें एक पारिवारिक मित्र ने चिढ़ाने के लिए कहा कि जो गुड़िया वे अपने सीने से लगाए घूमती हैं वो एक ब्रिटिश गुड़िया थी। कई दिनों तक वे एक कशमकश से जूझती रहीं कि क्या करना चाहिये? और उन्होंने अपनी प्रिय गुडिया को आग में डाल दिया।
इस घटना के बारे में बात करते हुए बाद में इंदिरा ने कहा था "मुझे याद है कि मैंने क्या महसूस किया था, मुझे लगा था जैसे कि मैंने किसी की हत्या कर दी हो।"
1924 तक, महात्मा गांधी से प्रेरणा लेकर इंदिरा ने जल्द ही चरखा चलाना सीख लिया और पूरी लगन से धागे की कताई करने लगीं।
इंदिरा ने एक ‘बाल चरखा संघ’ भी बनाया, जहां छोटे बच्चे बुनाई और कताई सीखते थे।
जब वे बारह वर्ष की थीं तब उन्होंने छोटे बच्चों के लिए वानर_सेना बनाई।
सेना की उद्घाटन बैठक में एक हजार से अधिक लड़के और लड़कियां शामिल हुए। बड़ों को सेना पर हँसी आ रही थी, लेकिन वे इससे हतोत्साहित नहीं हुईं। बच्चों के इस वानर सेना ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में एक छोटी लेकिन उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
उन्होंने महत्वपूर्ण जानकारी क्रांतिकारियों तक पहुचाने के दूत के रूप में काम किया।
बचपन में ही रॉ दिमाग में आ गया होगा।
1930 के दशक के प्रारंभ में इंदिरा को एक महत्वपूर्ण दस्तावेज, जिसमें कुछ क्रांतिकारी योजनाओं को लिखा गया था, अपने घर से अपने स्कूल के बस्ते में रखकर किसी क्रांतिकारी तक पहुँचाना था।
उनका घर उस समय पुलिस की निगरानी में था और पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें पहले से ही स्कूल के लिए देर हो चुकी है और अगर और देर हुई तो उन्हें स्कूल में सज़ा मिलेगी।
विकट परिस्थितियों में भी धैर्य और शांति रखते हुए चतुराई से संकट को टालने की नींव यहीं पड़ चुकी थी।
मोतीलाल नेहरू ने उन्हें 1924 में सेंट_सीसिलिया_स्कूल, जो कि तीन ब्रिटिश चलाते थे, में प्रवेश दिलवाया।
वैसे तो सेंट सीसिलिया एक निजी स्कूल था सरकारी नहीं, लेकिन जवाहरलाल ने जब वहां सभी ब्रिटिश कर्मचारियों को देखा तो उन्हें लगा कि इंदिरा को वहां पढ़ाना कांग्रेस के विदेशी बहिष्कार आंदोलन का उल्लंघन होगा। इंदिरा को इसलिए स्कूल से निकाल लिया गया और उन्हें 1934 में मैट्रिक करने तक घर पर ही भारतीय शिक्षकों द्वारा पढ़ाया जाता था।
जो लोगों से कहते थे, उसे ख़ुद करते थे।
आश्चर्य की बात है रानी लक्ष्मीबाई और इंदिरा गांधी दोनों का जन्मदिन एक ही दिन है और आज ही पुरूष दिवस भी है , लाखों पुरुषों पर भारी ये दोनों नारी...
#VijayShukla
लोकतंत्र की हत्या मतदान केंद्रों पर, मतपेटियों के सामने, जनता की आंखों के सामने हो रही है।
और सबसे पीड़ादायक बात यह है कि लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी जिन संस्थाओं पर है, उन्हीं की जवाबदेही पर आज गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
🔴
The Reporters' Collective की 18 नवंबर 2026 को प्रकाशित पड़ताल ने 2024 के चुनावों से जुड़े चुनाव आयोग के आंतरिक रिकॉर्ड को लेकर बेहद गंभीर सवाल उठाए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की 530 लोकसभा एवं विधानसभा सीटों के रिकॉर्ड की जांच में 200 सीटों पर शाम 5 बजे के बाद कितने लोगों ने मतदान किया, इसका अनिवार्य विवरण रिटर्निंग ऑफिसर की रिपोर्ट में नहीं मिला।
🔴
महाराष्ट्र में ऐसे कुल 132 मामले बताए गए हैं, जिनमें लोकसभा और विधानसभा सीटें शामिल हैं।
🔴
महाराष्ट्र के कोपरी-पचपखाड़ी विधानसभा क्षेत्र में रिपोर्ट के अनुसार, 366 बूथों पर अंतिम घंटे में 89,878 वोट दर्ज हुए।
वहीं 23 सीटों पर मतदान समाप्त होने के समय कतार में खड़े मतदाताओं को दी गई स्लिप का भी रिकॉर्ड नहीं मिला।
🔴
यहां सवाल केवल आंकड़ों का नहीं है। सवाल उस चुनावी व्यवस्था का है, जिसमें हर वोट की निगरानी और हिसाब रखने की जिम्मेदारी संवैधानिक रूप से चुनाव आयोग की है।
यह इतनी गंभीर प्रशासनिक और पारदर्शिता संबंधी चूक है कि इसकी स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
❓ आखिर शाम 5 बजे के बाद मतदान का हिसाब क्यों नहीं है?
❓ जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की थी, उनसे जवाब कौन मांगेगा?
❓ चुनाव आयोग अपने ही नियमों के अनुपालन का सार्वजनिक हिसाब कब देगा?
🔴
लोकतंत्र की विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों का जवाब देना सत्ता की भी जिम्मेदारी है। इस मामले में केंद्र सरकार को भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
🔴
जब एक गरीब मजदूर अपनी दिहाड़ी छोड़कर वोट देने जाता है, जब एक बुजुर्ग नागरिक घंटों कतार में खड़ा रहता है, जब एक महिला अपने बच्चे को लेकर मतदान केंद्र पहुंचती है, तो वह सिर्फ एक बटन नहीं दबाती।
वह अपने लोकतांत्रिक अधिकार और भविष्य पर भरोसा जताती है।
उस भरोसे का हिसाब गायब नहीं हो सकता।
लोकतंत्र केवल वोट डलवाने से सुरक्षित नहीं रहता, हर वोट का पारदर्शी हिसाब रखने से सुरक्षित रहता है।
चुनाव आयोग को सभी संबंधित रिकॉर्ड सार्वजनिक करने चाहिए, विसंगतियों का जवाब देना चाहिए और स्वतंत्र ऑडिट सुनिश्चित करना चाहिए।
🔴
अब देश को सवाल पूछने होंगे
आज देश को सत्ता के पक्ष या विपक्ष में खड़े होने से पहले लोकतंत्र के पक्ष में खड़ा होना होगा।
क्योंकि अगर चुनाव की निष्पक्षता पर जनता का भरोसा ही टूट गया, तो संविधान की किताबें सुरक्षित रह जाएंगी, लेकिन लोकतंत्र की आत्मा घायल हो जाएगी।
यह किसी एक पार्टी की लड़ाई नहीं है। यह उस भारत को बचाने की लड़ाई है, जहां जनता सरकार चुनती है, सरकार जनता को नहीं।
लोकतंत्र का जनाजा निकलते हुए हम खामोश दर्शक नहीं बन सकते।
सवाल पूछिए। जवाब मांगिए। चुनावी पारदर्शिता सुनिश्चित कीजिए।
लोकतंत्र किसी सरकार की जागीर नहीं, जनता की अमानत है।
#VijayShukla
कुछ कार्यक्रम केवल आयोजित नहीं किए जाते, वे अपने भीतर एक विचार, एक उद्देश्य और एक जिम्मेदारी लेकर आते हैं। ‘भारतगाथा’ मेरे लिए ऐसा ही एक अनुभव रहा।
आज 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय तिलक भवन, मुंबई में नेशनल मूवमेंट फ्रंट की ओर से आयोजित ‘भारतगाथा – भारत के स्वतंत्रता संग्राम की यात्रा’ कार्यक्रम का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद सुखद और संतोषजनक अनुभव रहा।
भारत का स्वतंत्रता संग्राम केवल अंग्रेजों से सत्ता हासिल करने की लड़ाई नहीं था। वह एक विचार का संघर्ष था, एक बेहतर समाज के निर्माण का सपना था और उस भारत की कल्पना थी, जहां विविधताओं के बावजूद सबको समान अधिकार, सम्मान और अवसर मिलें।
हमारे स्वतंत्रता आंदोलन की यही व्यापकता, इसकी वैचारिक समृद्धि और इसकी साझा विरासत नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए। शायद इसी सोच से ‘भारतगाथा’ की परिकल्पना ने जन्म लिया।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष @INCHarshsapkal की गरिमामयी उपस्थिति और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम
की संकल्पना करने वाले नेशनल मूवमेंट फ्रंट के अध्यक्ष एवं समन्वयक @saurabhnmf ने अपने विस्तृत व्याख्यान के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के अनेक ऐतिहासिक प्रसंगों, नायकों और विचारधाराओं को सामने रखा। इतिहास को केवल तारीखों और घटनाओं के रूप में नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपे संघर्ष और विचारों के रूप में समझना जरूरी है।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता @ssrajputINC @Aloksharmaaicc
एवं ऋषिकेश कांग्रेस अध्यक्ष @lalitmishra389
ने संबोधित किया।
मुझे इस कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी मिली। सच कहूं तो ऐसे मंच का संचालन करना मेरे लिए केवल एक औपचारिक दायित्व नहीं था, बल्कि उस इतिहास और विचारधारा से संवाद करने का अवसर भी था, जिसके प्रति मेरी हमेशा से विशेष रुचि और प्रतिबद्धता रही है।
मेरे मन में एक बात हमेशा रहती है कि हम अपनी नई पीढ़ी को आजादी की कहानी तो सुनाते हैं, लेकिन क्या हम उन्हें यह भी बताते हैं कि आजादी के पीछे कौन से विचार थे?
गांधी, नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद, सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह और अनगिनत दूसरे नायकों के संघर्षों को एक समग्र ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में समझना कितना जरूरी है?
इतिहास को याद करना पर्याप्त नहीं है, उसे समझना और उसकी विरासत को जीवित रखना भी जरूरी है।
‘भारतगाथा’ इसी दिशा में एक छोटी लेकिन महत्वपूर्ण शुरुआत है।हमारी कोशिश है कि स्वतंत्रता संग्राम की गाथा केवल किताबों के पन्नों तक सीमित न रहे, बल्कि संवाद, व्याख्यान और जनभागीदारी के माध्यम से लोगों के बीच पहुंचे।
इतिहास किसी एक पीढ़ी की विरासत नहीं , यह हर पीढ़ी की जिम्मेदारी है।
इस आयोजन को सफल बनाने में नेशनल मूवमेंट फ्रंट के मुंबई प्रभारी @MukeshGuptaInc
और राष्ट्रीय प्रवक्ता @Qazi_Mohd_Saqib
की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मेरे लिए ‘भारतगाथा’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस ऐतिहासिक विरासत को याद करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है, जिसने भारत को आजाद कराने के साथ-साथ आधुनिक भारत की लोकतांत्रिक, संवैधानिक और सामाजिक चेतना की नींव रखी।
आज जब हम आजादी के इतिहास की बात करते हैं, तो यह भी जरूरी है कि हम उन विचारों, संघर्षों और मूल्यों को समझें, जिनके आधार पर हमारे राष्ट्र का निर्माण हुआ।
भारत की आजादी किसी एक व्यक्ति, एक संगठन या एक विचारधारा का परिणाम नहीं थी। यह लाखों ज्ञात-अज्ञात लोगों के त्याग, संघर्ष, बलिदान और साझा संकल्प की परिणति थी। उस विरासत को याद रखना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
देश के हर जिले में ऐसे कार्यक्रम करने का लक्ष्य हमारा है। आप सभी साथ दीजिए।
इस सार्थक आयोजन से जुड़े सभी साथियों, वक्ताओं और उपस्थित गणमान्य लोगों का हृदय से आभार।
भारतगाथा जारी रहेगी... इतिहास से संवाद भी और विरासत का संरक्षण भी।
शताब्दियों पहले बनी उमा-महेश्वर की इस मूर्ति को देखकर आपके मन में क्या ख्याल आता है? कार्तिकेय और गणेश क्या सोच रहे होंगे अपने माता-पिता को ऐसी आत्मीय स्थिति में देखकर?
भगवान शिव विराजमान हैं और माता पार्वती उनकी गोद में बैठी हैं। पास में उनके दोनों पुत्र गणेश और कार्तिकेय भी हैं। भारतीय मूर्तिकला की इस प्राचीन परंपरा को उमा-महेश्वर कहा जाता है।
इस मूर्ति में एक परिवार की आत्मीयता, पति-पत्नी के प्रेम और सहज दांपत्य जीवन की अभिव्यक्ति भी है।
◾◾
ऐसे असंख्य बच्चे हैं जिनके लिए घर का अर्थ प्रेम, सुरक्षा और अपनापन नहीं, बल्कि डर, चीख-पुकार और हिंसा बन जाता है।
कल्पना कीजिए उस बच्चे की, जो अपने कमरे में बैठा है और बाहर से मां-पिता के झगड़ने की आवाजें आ रही हैं। अचानक चीजें फेंके जाने की आवाज आती है। पिता मां पर हाथ उठाते हैं। मां रो रही है, चिल्ला रही है और बच्चा दरवाजे के पीछे सहमा हुआ सब देख रहा है।
कुछ बच्चे अपनी मां को बचाने के लिए पिता के सामने खड़े हो जाते हैं। कुछ मां को कमरे में ले जाकर चुप कराने की कोशिश करते हैं। कुछ रातभर इस डर में नहीं सो पाते कि सुबह उठने पर घर का माहौल कैसा होगा।
और अगली सुबह वही बच्चे स्कूल जाते हैं। दोस्तों के साथ हंसते हैं, खेलते हैं, सामान्य दिखने की कोशिश करते हैं। लेकिन उनके भीतर एक ऐसा डर पल रहा होता है, जिसे वे किसी से कह भी नहीं पाते।
कई बच्चे माता-पिता के झगड़ों के लिए खुद को जिम्मेदार मानने लगते हैं। कुछ के मन में रिश्तों को लेकर स्थायी असुरक्षा पैदा होती है। कुछ बड़े होकर हिंसा को ही रिश्तों का सामान्य व्यवहार मानने लगते हैं, जबकि कुछ को जीवनभर उस बचपन के आघात से उबरने में संघर्ष करना पड़ता है।
हर बच्चे का अनुभव अलग होता है, लेकिन घर के भीतर देखी गई हिंसा उसके भावनात्मक संसार को गहराई से प्रभावित कर सकती है।
इसलिए यह समझना जरूरी है कि बच्चे केवल अपने माता-पिता के साथ नहीं रहते, वे उनके रिश्ते के भीतर भी बड़े होते हैं।
राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन के अवसर पर अपने बचपन की एक स्मृति साझा की। उन्होंने बताया कि खाने की मेज पर उनके पिता धबैठे होते थे और मां उनकी गोद में बैठती थीं।
राहुल के लिए यह बिल्कुल सामान्य दृश्य था। जब वे दोस्तों के घर जाते और वहां ऐसा नहीं देखते, तो मासूमियत से पूछते थे कि तुम्हारी मां तुम्हारे पापा की गोद में क्यों नहीं बैठतीं?
लेकिन इस सहज पारिवारिक स्मृति पर कुछ लोगों ने जिस तरह की प्रतिक्रियाएं दीं, वे सोचने पर मजबूर करती हैं।
आखिर पति-पत्नी का एक-दूसरे के करीब बैठना अश्लील कैसे हो गया? एक पत्नी का अपने पति की गोद में बैठना मजाक का विषय कैसे बन गया?
विडंबना देखिए कि जिस भारतीय सभ्यता की मूर्तिकला में शिव-पार्वती के प्रेम और आत्मीयता को इतनी सहजता से स्थान मिला, उसी सभ्यता के कुछ स्वयंभू संस्कृति-रक्षक आज एक बेटे द्वारा अपने माता-पिता के प्रेम की स्मृति साझा करने पर असहज हो रहे हैं।
भारतीय संस्कृति में दांपत्य केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं रहा है। उसमें प्रेम है, अनुराग है, शृंगार है, समर्पण है और एक-दूसरे के प्रति सहज आकर्षण भी है।
जिस बच्चे ने अपने माता-पिता को एक-दूसरे का सम्मान करते, स्नेह जताते और एक-दूसरे का सहारा बनते देखा है, उसके मन में रिश्तों की एक खूबसूरत तस्वीर बनती है। वहीं जिस बच्चे ने हिंसा और अपमान देखा है, उसके लिए प्रेम और विश्वास को समझना कई बार जीवनभर का संघर्ष बन जाता है।
अब वापस उस उमा-महेश्वर की मूर्ति पर आइए।
कार्तिकेय और गणेश अपने माता-पिता को प्रेम और आत्मीयता के साथ देख रहे हैं। यह एक ऐसी पारिवारिक तस्वीर है जिसमें स्नेह सहज है, निकटता स्वाभाविक है और प्रेम में कोई संकोच नहीं।
राजीव और सोनिया गांधी के रिश्ते की वह छोटी-सी स्मृति भी इसी सहजता की याद दिलाती है। वह एक बेटे की अपने माता-पिता के प्रति आत्मीय स्मृति है।
किसी के माता-पिता के बीच के प्रेम को मजाक का विषय बनाकर आप किस संस्कृति की रक्षा कर रहे हैं?
यदि शिव की गोद में बैठी पार्वती भारतीय संस्कृति और आस्था का हिस्सा हैं, तो पति की गोद में बैठी पत्नी को अश्लीलता के चश्मे से देखने की जरूरत आखिर क्यों है?
संस्कृति की रक्षा प्रेम को शर्मिंदा करके नहीं, रिश्तों में सम्मान और संवेदना को बचाकर होती है।
बच्चों को ऐसी विरासत दीजिए कि वे बड़े होकर अपने माता-पिता के बीच के प्रेम को मुस्कुराकर याद करें, न कि उनके बीच हुई हिंसा और अपमान को भूलने की कोशिश में पूरी जिंदगी गुजार दें।
किसी बच्चे के लिए इससे बड़ी त्रासदी क्या होगी कि जिस घर में उसे प्रेम का अर्थ सीखना था, उसी घर में उसे हिंसा का अर्थ समझना पड़े।
#VijayShukla
#BelongingAJourneyOfLove
देश में कॉमेडी मूवी चल रही है।
पाताल भैरवी, मवाली, अंदाज अपना अपना , मिथुन और धर्मेंद्र की सी ग्रेड टाइप की मनोरंजक मूवीज हुआ करती थीं 80 90 के दशक में।
जिनमें विलेन और उसके अंडे होते तो बड़े मक्कार और नीच लेकिन कॉमेडी भरपूर करते थे।
मेरा नाम है बुल्ला टाइप वाले...
यहां भी इनका बॉस है तो महा निचोड़ मक्कार, लेकिन कोमेडी का बादशाह है।
उसने पूरे देश में अंडे भी ऐसे ही पैदा किये हुए हैं।
Marxist चे गुवेरा स्टाइल की टोपी पहन कर अंडा दक्षिण से निकल रहा है।
मस्त कॉमेडी है...
पूरा देखना...
शाक्यमुनि एक राजकुमार थे। असली नाम सुकीती था।
सिद्धार्थ बाद में दिया गया नाम है।
संसार में मौजूद हर सुख उन्हें हासिल था पिता द्वारा, वे चक्रवर्ती सम्राट बन सकते थे।
लेकिन पिता के साये से जब वे बाहर निकले , वो बुद्ध बन गए। वे इस देश को अमर कर गए। उन्होंने इस देश को असली विश्व गुरु बनाया। भले ही वे मैत्रेय के सिद्धांत को मानते थे किंतु विश्व उन्हें आज भी गुरु ही मानता है।
बुद्ध का अर्थ है जिसे बोध हुआ। उस बोध का प्रकाश उन्होंने विश्व भर में बांटा।
नेहरू , घर में नन्हे थे। बाहर जवाहरलाल।
पिता ने विश्व में मौजूद हर सुख संसाधन दिए।
पंडित जी नाम लोगों ने दिया, लेकिन दुनिया ने नेहरू माना।
नेहरू यानि नहर किनारे बसा हुआ।
नहर का काम होता है, उस जगह को सींचना , जहां पानी नहीं है।
नेहरू ने नहर की तरह इस देश को सींचा।
न केवल देश को बल्कि दुनिया को मित्रता सिखाई।
---
जब ब्रिटिश साम्राज्य 200 साल तक लूटा हुआ एक उपमहाद्वीप छोड़कर जा रहा था, भारत के हाथ में न कोई ब्लूप्रिंट था,.न कोई तैयार ढांचा,
न कोई प्रशिक्षित नेतृत्व-पीढ़ी।
बाँटकर चले गए।
ब्रिटिश नीति ने समाज को धारदार रेखाओं से काटा हुआ छोड़ा था। धर्म, जाति, क्षेत्र, भाषा, आर्थिक असमानता, और सांस्कृतिक खाइयाँ।
ऐसे समय में राष्ट्र निर्माण कोई राजनीतिक निर्णय नहीं था
यह इतिहास के सबसे कठिन इम्तिहानों में से एक था।
---
विभाजन की राख पर खड़े होकर लोकतांत्रिक आत्मविश्वास दिया।
1947–48 में भारत किसी भी दिशाहीन देश की तरह
तानाशाही में फिसल सकता था। पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों में यही हुआ।
वास्तव में दुनिया के हर उपनिवेश में
पहली पीढ़ी की सरकारें सैन्य, धर्म या एक-दलीय तानाशाही में दबीं, इंडोनेशिया, मिस्र, ईरान, इराक, कोरिया, चीन, लगभग पूरा अफ्रीका।
भारत एकमात्र विशाल, विविध, गरीब राष्ट्र था जिसने लोकतंत्र को अपनी पहली साँस बनाई।
शासक कोई भी हिटलर हो, गद्दाफी, सद्दाम, ईदी अमीन जैसे भी थोड़ा-बहुत विकास सब कर देते हैं।
सड़कें, पुल, रोजगार, उद्योग…
पर एक लोकतांत्रिक राष्ट्र का निर्माण?
वह केवल परियोजनाओं की सूची नहीं है। वह मशीनों और इमारतों का जोड़ नहीं है।
वह चरित्र, संरचना, संविधान और साहस का विषय है।
नेहरू का मूल्यांकन सिर्फ इस आधार पर करना कि उन्होंने कितनी फैक्ट्रियाँ लगाईं या कितने IIT खोले,
वैसा ही है जैसे समुद्र को यह पूछ लेना कि तुमने कितना पानी पिया है।
नेहरू ने भारत को सिर्फ विकास नहीं दिया , उन्होंने भारत को स्वतंत्रता का ढांचा दिया।
---
उन्होंने भारत को “असहमति की आज़ादी” दी
हर राष्ट्र नेता आपको सड़क दे सकता है।
बहुत कम नेता आपको सरकार को चुनौती देने का अधिकार देते हैं।
नेहरू ने दिया।
उनके शासन में सबसे कड़े आलोचक भी संसद में खड़े होकर उन्हें धोकर रख देते थे और नेहरू उन्हें प्रोत्साहन देते थे।
आज जिस दिन नेता आलोचना से डरते हैं, उस दिन आपको याद आता है कि असहमति कितनी कीमती होती है।
यह चमत्कार नहीं था। यह नेहरू का निर्णय था।
---
संस्थागत भारत की रचना एक विश्व ऐतिहासिक प्रयोग था।
संस्थाएँ किसी भी राष्ट्र का सबसे कम दिखाई देने वाला,
पर सबसे लंबे समय तक टिकने वाला ढांचा होती हैं।
भारत को नेहरू ने स्वतंत्रता के बाद ये दिया।
उनका भरोसा तीन स्तंभों पर था, स्वायत्त चुनाव आयोग,मजबूत न्यायपालिका, वैज्ञानिक सोच और शोध संस्थान।
IIT (1951), AIIMS (1956), DRDO की पुनर्संरचना,
ISRO के बीज (INCOSPAR, 1962),
योजना आयोग, CSIR नेटवर्क,
राष्ट्रिय संग्रहालय, FTII, SAI, NCERT
ये सभी उस विचार का हिस्सा थे
कि भारत किसी एक नेता के भरोसे नहीं,
एक मजबूत व्यवस्था के सहारे चले।
---
वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिया। वह विरासत जिसे इतिहास शायद सबसे ज्यादा याद रखेगा।
आज यह सामान्य लगता है कि भारत का भविष्य विज्ञान में है।
लेकिन 1940–50 का भारत देवताओं, चमत्कारों और कर्मकांड की धुंध में डूबा हुआ था। आज फिर उसी राह पर देश चल था है
नेहरू का कहना था "वैज्ञानिक चेतना ही आधुनिक भारत का असली धर्म है।"
उन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी को राष्ट्रीय अस्मिता बनाया
जैसे मेजी जापान ने किया था,जैसे आधुनिक चीन आज कर रहा है।
उनके रहते भारत ने परमाणु कार्यक्रम की नींव रखी,भविष्य की अंतरिक्ष शक्ति का बीजारोपण किया,विश्वविद्यालयों की संस्कृति लौटाई,और वैज्ञानिक नैतिकता की भूमि तैयार की।
---
बहुलता नहीं, बहुलता का अनुशासन एक दुर्लभ ऐतिहासिक साहस दिया।
मानव इतिहास में बहुत नेता ऐसे होते हैं जो बहुसंख्यक भावनाओं को हथियार बनाकर तुरंत लोकप्रियता पा गए।
पर उन्होंने ऐसा न करने का निर्णय लिया।
(1/2)
(2/2)
1947 के दंगों के बाद।कोई भी नेता बहुसंख्यक आक्रोश को भुना सकता था।नेहरू ने इसके बजाय यह घोषित किया कि भारत धर्म में तटस्थ रहेगा, नागरिकता में बराबर रहेगा,
और राज्य किसी को उसका ईश्वर चुनकर नहीं देगा।
इसलिए कहा जाता है भारत की विविधता भगवान ने नहीं बनाई, उसे संवैधानिक स्वरूप ने बचाया।इस स्वरूप की आत्मा नेहरू थे।
---
. वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बनाई। एक नए राष्ट्र की गरिमा विश्व स्तर पर बनाई।
1947 में भारत न सैन्य शक्ति था, न आर्थिक शक्ति।
लेकिन 1950 के दशक में भारत विश्व राजनीति का नैतिक केंद्र बन चुका था।
गुटनिरपेक्ष आंदोलन, उपनिवेशवाद-विरोधी कूटनीति,
एशिया–अफ्रीका सम्मेलन (बांडुंग, 1955),
संयुक्त राष्ट्र में भारत का नैतिक प्रभाव
इन सबने भारत को किसी सैन्य ताकत से नहीं,
बल्कि नैतिक शक्ति के रूप में स्थापित किया।
यह भारत की उस परंपरा का विस्तार था जहाँ राष्ट्र अपनी सैन्य क्षमता से नहीं, अपनी नैतिक रीढ़ से पहचाना जाता है।
---
तो नेहरू ने भारत को सबसे बड़ी चीज क्या दी?
इतिहास की अदालतों में, सड़कों और बांधों की गिनती नहीं होती;वह तो हर तानाशाह भी कर लेता है।
नेहरू ने भारत को वह दिया जो इतिहास में कुछ ही राष्ट्रों को मिलता है
एक जनतांत्रिक आत्मा,
एक वैज्ञानिक विवेक,
और संस्थाओं पर आधारित राज्य।
जो नेता अपने समय से ऊपर जाकर राष्ट्र का भविष्य बनाते हैं, वे विकास की इमारतें नहीं,स्वतंत्रता की नींव छोड़ जाते हैं।
नेहरू की यही असली विरासत है, भारत का वह चरित्र
जो सत्ता बदलने से नहीं टूटता,संकटों से नहीं बिखरता,
और असहमति से नहीं डरता।
अटल बिहारी वाजपेयी ने संसद में नेहरू जी की मृत्यु पर कहा था "आज भारत माता दुखी हैं, उन्होंने अपने सबसे कीमती सपूत खो दिया। मानवता आज दुखी है, उसने अपना सेवक खो दिया। शांति बेचैन है, उसने अपना संरक्षक खो दिया। आम आदमी ने अपनी आंखों की रौशनी खो दी है, पर्दा नीचे गिर गया है। दुनिया जिस चलचित्र को ध्यान से देख रही थी, उसके मुख्य किरदार ने अपना अंतिम दृश्य पूरा किया और सर झुकाकर विदा हो गया। मानवता आज खिन्न है ,उसका पुजारी सो गया। शांति आज अशांत है ,उसका रक्षक चला गया। दलितों का सहारा छूट गया। जन-जन की आंख का तारा टूट गया। यवनिका पात हो गया। विश्व के रंगमंच का प्रमुख अभिनेता अपना अंतिम अभिनय दिखाकर अन्तर्ध्यान हो गया। महर्षि वाल्मीकि ने रामायण में भगवान राम के सम्बंध में कहा है कि वे असंभवों के समन्वय थे।पंडित जी के जीवन में महाकवि के उसी कथन की एक झलक दिखाई देती है।"
ये दुनिया भर के शासकों में से सिर्फ नेहरू के लिए ही कहा जा सका है।
यही इस देश को नेहरू की देन है।
#VijayShukla
Vijay retweeted
पंडित जवाहर लाल नेहरू जी के जन्म दिवस पर मुंबई के ऐतिहासिक तिलक भवन में एक शानदार गोष्ठी हुई।
बोलने वाले भी शानदार थे और सुनने वाले भी उतने ही शानदार कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष आदरणीय हर्षवर्धन जी सपकाल @INCHarshsapkal कर रहे थे “भारतगाथा” के रचयिता सौरभ बाजपेयी थे हमारे प्रवक्ता साथी आलोक शर्मा थे ऋषिकेश कांग्रेस के अध्यक्ष ललित मिश्रा जी इस कार्यक्रम को बनाने और करने वाले विजय विजय शुक्ल मुकेश गुप्ता जी थे और सुनने आये तमाम साथी जो देश के विभिन्न प्रांत और शहरों से आये थे।
हम सब “नेहरू के लोग” एक मत थे कि नेहरू जी का दर्शन और प्रदर्शन ही था जो आज देश यहाँ खड़ा है विश्व शक्ति के रूप में।नेहरू ही थे जो देश आज अपने पैरों पर खड़ा है और देश का प्रधानमंत्री एक साधारण परिवार से आया व्यक्ति बन सकता है और बना है।
एक छोटा सा उद्बोधन मेरा भी था आप सब भी सुनिये।
किताबों को कहानी के लिए पढ़ता हूं।
विज्ञान, इतिहास, भूगोल, स्पोर्ट्स के लिए पढ़ता हूं। कुछ लोगों की जीवनी भी पढ़ी है।
इन्फोर्मेशन के लिए किताबे पढ़ लेता हूं, किताबें न भी मिले तो सर्च कर लेता हूं कोई खास इन्फोर्मेशन चाहिए हो तो।
किताबों से जीवन ज्ञान, दर्शन पढ़ कर मुझे लगता है बेवकूफी है। क्योंकि जो ज्ञान दे रहा है अपनी किताब में, वह अपनी दृष्टि का ज्ञान दे रहा है।
जो उसने देखा है और भुगता है, वही बता रहा है। उसके और मेरे अनुभव में बहुत फर्क हो सकता है, होगा ही।
फिर भी कुछ लोगों की किताबें आत्मकथा पढ़ लेता हूं, क्योंकि उनकी कुछ बातें मुझे मेरे अनुभव से मिलती जुलती लगती हैं या कुछ लोगों के जीवन का अनुभव पढ़ना चाहता हूं।
जरूरी नहीं वो कोई सेलिब्रिटी ही हो।
फेसबुक पर भी कई मित्र अपनी जीवनी लिखते हैं, उन्हें पढ़ता हूं।
सोनिया जी की आत्मकथा ज़रूर पढ़ना चाहूंगा।
लेकिन दूसरे की लिखी ज्ञान दर्शन वाली किताबों से ज्यादा अपने जीवन की किताब पढ़ने में समय व्यतीत करता हूं।
अच्छा बुरा दोनो ही स्थिति में दोष शर्म और गर्व सिर्फ मेरा होता है।
अपनी जिंदगी में मैं फेल ज्यादा हुआ हूं, और असफलताओं से मैने ये सीखा है कि जीवन में optimistic या pessimistic से ज्यादा realistic होना बेहतर है।
आप तैयार रहते हैं उसके लिए, जो कुछ भी आने वाला है , हर रिजल्ट के लिए।
इसलिए क्रिकेट मेरा पसंदीदा खेल है, आने वाली अगली बॉल पर आप क्या करने वाले हैं या क्या होने वाला है, उसका पिछली खेली गई बाॅल से कोई लेना देना नहीं है।
बस यदि आपने उस पर कोई रन बना किया तो आपके स्कोर में वो रन जुड़ जाएगा।
इसी तरह दूसरों द्वारा खेले जा रहे खेलों में भी ,जहां मेरा कोई योगदान नहीं है, उसके लिए मैं दुखी होना, गर्व करना, शर्म करना बेवकूफी समझता हूं। ( इस लाइन को आइटम सॉन्ग समझा जाए)
#VijayShukla
नेहरू का विज्ञान के प्रति रुझान और दूरदर्शी सोच ने ही उन्हें एक टूटे फूटे कंगाल देश का प्रधान होने के बावजूद विश्व के अग्रिम नेताओं की पंक्ति में खड़ा रखा था।
अभी भी कुछ रिश्तेदार हैं जो अंधबतख हैं, जिनसे मजबूरी में बात करनी पड़ती है। जितना हो सके राजनीति को टालता हूँ, लेकिन उन्हें रहा नहीं जाता।
तो कुछ बता देता हूँ, भौंचक्के हो जाते हैं। लेकिन फिर जब चिलम बोलती है, तो अपने रंग में आ जाते हैं।
उन्हें बताया कि नेहरू और प्रसिद्ध वैज्ञानिक सी_वी_रमन ने 1938 में जर्मनी में हिटलर के अत्याचार के कारण वहां से पलायन कर रहे यहूदी वैज्ञानिकों को किसी तरह भारत लाया जा सके ऐसी योजना बनाई थी , उन वैज्ञानिकों में अल्बर्ट आइंस्टाइन भी थे.
1938 में सुभाष_चंद्र_बोस कांग्रेस के अध्यक्ष थे, उनको यह योजना पसंद नहीं आई और इसे आगे नहीं बढ़ाया गया.
रिश्तेदार जी पहले गहरी शान्त मुद्रा में रहे, थोड़े चिंतित कि शायद ये गलत हुआ, फिर जोम्बी वायरस दौड़ा और वापस अपने असली रूप में आये तो व्यंग्यात्मक हंसी में बोले कि "हुंह... और कहते हो कि व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी हमने शुरू की। ऐसी अफवाहें फैला कर नेहरू को महान बनाया जाता रहा है।"
मैंने सोचा सबूत दे दूं। फिर याद आया
" प्रहस्य मणिमुद्धरेन्मकरवक्रदंष्ट्रान्तरात्
समुद्रमपि सन्तरेत्प्रचलदूर्मिमालाकुलम् ।
भुजङ्गमपि कोपितं शिरसि पुष्पवद्धारये
न्न तु प्रतिनिविष्टमूर्खजनचित्तमाराधयेत् ॥
लभेत सिकतासु तैलमपि यत्नतः पीडयत्
पिबेच्च मृगतृष्णिकासु सलिलं पिपासार्दितः ।
कदाचिदपि पर्यटञ्छशविषाणमासादयेत्
न तु प्रतिनिविष्टमूर्खजनचित्तमाराधयेत् ॥
अगर हम चाहें तो मगरमच्छ के दांतों में फसे मोती को भी निकाल सकते हैं, साहस के बल पर हम बड़ी-बड़ी लहरों वाले समुद्र को भी पार कर सकते हैं, यहाँ तक कि हम गुस्सैल सर्प को भी फूलों की माला तरह अपने गले में पहन सकते हैं; लेकिन एक मूर्ख को सही बात समझाना असम्भव है।
अथक प्रयास करने पर रेत से भी तेल निकला जा सकता है तथा मृग मरीचिका से भी जल ग्रहण किया जा सकता हैं। यहाँ तक की हम सींघ वाले खरगोशों को भी दुनिया में विचरण करते देख सकते है; लेकिन एक पूर्वाग्रही मुर्ख को सही बात का बोध कराना असंभव है। "
तो मैं मुस्कुरा दिया।
उन्होंने सोचा कि मेरा (विजय का) झूठ पकड़ा गया ये सोच कर वो मुस्कुरा दिए।
#VijayShukla
जिस राष्ट्र के लिए हम मरने मारने को तैयार हैं, क्या हम जानते हैं कि उसकी पहचान बनी कैसे?
एक सवाल है।
अगर राष्ट्र ईश्वर की बनाई हुई व्यवस्था हैं, तो उनकी सीमाएँ बार-बार क्यों बदलती रहीं?
अगर हर देश की पहचान उसकी प्राचीन संस्कृति, एक भाषा और एक नस्ल से तय होती है, तो एक ही देश के भीतर सदियों तक अलग-अलग भाषाएँ, संस्कृतियाँ और समुदाय कैसे रहते रहे?
इतिहास की किताबें पढ़िए। आपको पता चलेगा कि आधुनिक राष्ट्र उतने प्राचीन नहीं हैं, जितने प्राचीन होने का दावा उनके नाम पर राजनीति करने वाले करते हैं।
फ्रांस को ही देख लीजिए।
आज फ्रांस का नाम आते ही एक साझा भाषा, एक संस्कृति और एक राष्ट्रीय पहचान का चित्र उभरता है। लेकिन कुछ सौ साल पीछे जाइए, तो आज के फ्रांस के भीतर ही अलग-अलग भाषाएँ, संस्कृतियाँ और क्षेत्रीय पहचानें थीं।
ब्रेटन, ऑक्सिटान, अल्सेशियन और न जाने कितनी स्थानीय भाषाएँ!
राजा का आदेश किसी दूर-दराज के गाँव तक पहुँचता था, लेकिन उस गाँव के किसान की पहचान अपने गाँव, अपनी बोली और अपने स्थानीय समाज से ज्यादा जुड़ी होती थी।
राजा बदल जाता था। सीमा बदल जाती थी। सत्ता बदल जाती थी।
लेकिन किसान वही रहता था।उसकी फसल वही रहती थी।
उसकी गरीबी भी वही रहती थी!
राजा बदलने पर प्रजा की पहचान नहीं बदलती थी, लेकिन आज पहचान के नाम पर लोगों से उनकी नागरिकता तक पर सवाल पूछे जाते हैं।
फिर आया आधुनिक राष्ट्रवाद।
फ्रांसीसी क्रांति ने एक नया विचार दिया—देश राजा की निजी संपत्ति नहीं है। देश जनता का है।प्रजा नागरिक बनी।
राजा की सत्ता के स्थान पर जनता की संप्रभुता का विचार आया।
यह मानव इतिहास की एक बड़ी क्रांति थी।लेकिन इसके साथ एक नई कहानी भी शुरू हुई।
अब लोगों को केवल एक शासन के अधीन नहीं रहना था, बल्कि एक साझा राष्ट्रीय पहचान के भीतर जीना था।
स्कूल आए, सेना आई, रेलवे आई, अखबार आए, राष्ट्रीय प्रतीक आए।
लोगों को बताया गया कि वे एक राष्ट्र हैं।
धीरे-धीरे वे राष्ट्र बन गए।
इटली के एकीकरण के बाद वहाँ के नेता मास्सिमो द'अज़ेलियो ने कहा था—
"हमने इटली बना दिया है, अब हमें इटालियंस बनाने हैं।"
इस एक वाक्य में आधुनिक राष्ट्रवाद का पूरा इतिहास छिपा है।
पहले देश बना, फिर देशवासी बनाए गए...
अब जरा भारत पर आइए।
भारत की सभ्यता प्राचीन है। इसकी सांस्कृतिक स्मृतियाँ, तीर्थ, दर्शन, भाषाएँ और परंपराएँ हजारों वर्षों से इस भूभाग को जोड़ती रही हैं।
लेकिन क्या इसका अर्थ यह है कि आज का भारत, अपनी वर्तमान सीमाओं, प्रशासनिक व्यवस्था और संवैधानिक नागरिकता के साथ हमेशा से वैसा ही था?
नहीं।
प्राचीन भारत में महाजनपद थे। साम्राज्य बने और टूटे। मौर्य, गुप्त, मुगल और अनेक क्षेत्रीय राजसत्ताएँ आईं। दक्षिण में अलग राजनीतिक शक्तियाँ थीं। पूर्वोत्तर की अपनी ऐतिहासिक व्यवस्थाएँ थीं।
भारत की सभ्यतागत एकता और उसकी राजनीतिक सीमाओं का इतिहास एक ही चीज नहीं है।
सभ्यता हजारों साल पुरानी हो सकती है, लेकिन आधुनिक राष्ट्र-राज्य का स्वरूप इतिहास के एक विशेष दौर में बनता है।
1947 में भारत स्वतंत्र हुआ। विभाजन ने उपमहाद्वीप को रक्तरंजित कर दिया। रियासतों के एकीकरण, संविधान निर्माण और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थापना के साथ आधुनिक भारतीय राष्ट्र का स्वरूप विकसित हुआ।
1950 में संविधान लागू हुआ।
और भारत ने एक असाधारण विचार चुना—
यह देश किसी एक धर्म, भाषा, जाति या नस्ल के लोगों की निजी संपत्ति नहीं होगा।
यहाँ नागरिकता का आधार संविधान होगा।
फिर भाषाई राज्यों का निर्माण हुआ। आंध्र प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब और अनेक राज्यों की पहचानें राजनीतिक रूप से मजबूत हुईं।
क्या इससे भारत कमजोर हुआ?
नहीं।
भारत ने विविधताओं को मिटाकर नहीं, उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में जगह देकर अपनी एकता को मजबूत किया।
तमिल बोलने वाला भी भारतीय है। बंगाली बोलने वाला भी। मराठी, गुजराती, कश्मीरी, असमिया, हिंदी और उर्दू बोलने वाला भी।
भारत की खूबसूरती यह नहीं कि यहाँ सब एक जैसे हैं। भारत की खूबसूरती यह है कि यहाँ अलग-अलग होने के बावजूद हम एक नागरिक समुदाय हैं।
लेकिन राष्ट्रवाद का सबसे खतरनाक रूप तब सामने आता है, जब राष्ट्र की परिभाषा किसी एक धर्म, जाति, भाषा या नस्ल तक सीमित कर दी जाती है।
तब राष्ट्र एक साझा घर नहीं रहता।
वह एक निजी क्लब बन जाता है।
और क्लब के बाहर खड़े लोगों से पूछा जाता है
"तुम्हारी सदस्यता किसने मंजूर की?"
यहीं से राजनीति का असली खेल शुरू होता है।
एक दुश्मन खोजिए।उसका चेहरा बनाइए।उससे डर पैदा कीजिए।
और फिर जनता से कहिए कि देश की सारी समस्याओं का समाधान उसी दुश्मन को हराने में है।
जनता पूछे—नौकरी कहाँ है?जवाब आए—राष्ट्र खतरे में है!
(1/2)
(2/2)
जनता पूछे—महँगाई क्यों है?जवाब आए—देश के दुश्मन सक्रिय हैं!
जनता पूछे—सरकार से सवाल क्यों नहीं पूछ सकते?जवाब आए—क्या तुम्हें देश से प्रेम नहीं है?
वाह! लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछने के लिए भी अब देशभक्ति का प्रमाणपत्र चाहिए।
लेकिन एक बात समझिए।राष्ट्रवाद और राष्ट्रप्रेम एक ही चीज नहीं हैं।
राष्ट्रप्रेम आपको अपने देश के लोगों से प्रेम करना सिखाता है।
अंधराष्ट्रवाद आपको यह सिखाता है कि अपने देश से प्रेम करने के लिए किसी दूसरे से नफरत करना जरूरी है।
और राजनीति को दूसरा रास्ता बहुत पसंद है।क्योंकि जनता को डराना, जनता को समझाने से ज्यादा आसान है।
किसी गरीब को रोजगार देना मुश्किल है।उसे किसी काल्पनिक दुश्मन से डराना आसान है।
किसी बच्चे को अच्छी शिक्षा देना मुश्किल है।उसे बचपन से यह सिखाना आसान है कि कुछ लोग जन्म से ही उसके अपने हैं और कुछ लोग जन्म से ही पराए।
नफरत का सबसे बड़ा कारोबार वही है, जिसमें दुश्मन की पहचान बदलती रहती है, लेकिन दुकानदार की कुर्सी नहीं बदलती।
अब एक सवाल हमसे भी।क्या हम राष्ट्र को इतना कमजोर मानते हैं कि किसी दूसरे धर्म के व्यक्ति के रहने से उसकी पहचान खतरे में पड़ जाए?
क्या हमारी संस्कृति इतनी कमजोर है कि किसी दूसरी भाषा के बोलने से मिट जाएगी?
क्या हमारा संविधान इतना कमजोर है कि सरकार से सवाल पूछने पर टूट जाएगा?अगर नहीं, तो फिर यह डर किस बात का?
राष्ट्र कोई बंद कमरा नहीं होना चाहिए, जहाँ प्रवेश के लिए अपनी पहचान का प्रमाण देना पड़े।
राष्ट्र एक ऐसा घर होना चाहिए, जहाँ अलग-अलग लोग अपनी विविधताओं के साथ रह सकें।जहाँ किसी की देशभक्ति उसकी पूजा-पद्धति से नहीं, उसके नागरिक आचरण से समझी जाए।
जहाँ तिरंगे के नीचे खड़े होने का अधिकार किसी एक समुदाय की जागीर न हो।क्योंकि राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी सीमाओं की कठोरता नहीं, उसके नागरिकों की स्वतंत्रता होती है।
देश कोई ऐसी कहानी नहीं, जिसे सत्ता लिखे और जनता आँख बंद करके पढ़ती रहे। देश वह कहानी है, जिसे जनता अपने अधिकारों, संघर्षों और सपनों से हर दिन लिखती है।
राष्ट्र की रक्षा कीजिए।लेकिन राष्ट्र के नाम पर इंसान को मत भूलिए।
क्योंकि नक्शे पर खींची गई लकीरें जमीन बाँट सकती हैं, इंसानियत नहीं।और अगर देश से प्रेम करने के लिए किसी से नफरत करना जरूरी हो जाए, तो एक बार जरूर सोचिएगा—
हम राष्ट्र के नागरिक हैं, या राष्ट्रवाद के कारोबार में बिकने वाले ग्राहक?
#VijayShukla











